50 से कम बच्चों वाले विद्यालयों के विलय के विरोध में महिला शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
परतावल:(महराजगंज)
18 जून।
उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ जनपद महराजगंज इकाई द्वारा 50 से कम छात्रसंख्या वाले परिषदीय विद्यालयों को मर्ज किए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया गया। इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पाण्डेय के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि शासन द्वारा संचालित प्राथमिक विद्यालयों के विलय हेतु शिक्षकों से 50 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालय की सूची मांगी जा रही है। यह निर्णय न केवल आरटीई एक्ट 2009 के विपरीत है, बल्कि इससे दूरदराज़ क्षेत्रों में पढ़ रहे बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होगी। गांवों में एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय की दूरी 3 से 4 किलोमीटर तक है, जो कक्षा 1 से 5 तक के छोटे बच्चों के लिए शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से हानिकारक हो सकता है।
ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि शिक्षकों एवं बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्तावित नीति को वापस लिया जाए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष वंदना त्रिपाठी, महामंत्री डॉ. अनामिका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमती वसीम बानो, तथा ममता, अंजलि, शालिनी, मंजरी मीनू, रागिनी, स्नेहलता आदि शिक्षिकाएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।







