वार्ड नंबर 55 के ताज पैलेस के पास नाले की गंदे पानी में हो रही ढलाई, पूर्व पार्षद ने उठाए सवाल
कचरे के पानी में हो रही नाले की फर्श ढलाई, गुणवत्ता पर सवाल
ताज पैलेस के पास कचरे से भरे नाले में हो रही ढलाई, पूर्व पार्षद ने जताया विरोध
गोरखपुर। महानगर के वार्ड नंबर 55 बंधू सिंह नगर स्थित इलाहीबाग से तिवारीपुर मार्ग के किनारे निर्माणाधीन नाले की गुणवत्ता पर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा नाली के निचले हिस्से यानी फर्श की ढलाई गंदे, कचरे से भरे पानी में ही कराई जा रही है, जिससे निर्माण की मजबूती पर संदेह खड़ा हो गया है।
स्थानीय निवासी एवं पूर्व पार्षद मोहम्मद अख्तर ने नगर निगम के इस कार्यशैली का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि “ताज पैलेस के पास बनाए जा रहे इस नाले की खुदाई तो कराई गई, लेकिन उसमें करीब दो फीट तक कचरे व गंदे पानी की परत जमा है। इस पानी को हटाए बगैर उसी में सीमेंट, गिट्टी और बालू मिश्रित मटेरियल डालकर फर्श की ढलाई की जा रही है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक फर्श पूरी तरह सूखेगा नहीं, तब तक उसकी मजबूती कैसे सुनिश्चित होगी? यह सीधे-सीधे जनता के पैसे से हो रहे निर्माण कार्य में लापरवाही और मनमानी का मामला है।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि नाला निर्माण की प्रक्रिया में कोई मानक नहीं अपनाया जा रहा है। ठेकेदार बिना किसी निगरानी के मनमानी कर रहा है, और नगर निगम के अभियंता इस पूरे प्रकरण पर चुप्पी साधे हुए हैं।
पूर्व पार्षद अख्तर ने नगर निगम प्रशासन से इस मामले की तत्काल जांच कराने और घटिया निर्माण में लिप्त ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को जनआंदोलन का रूप देने से पीछे नहीं हटेंगे।
फिलहाल इलाके में विकास कार्य तो तेजी से चल रहा है, लेकिन गुणवत्ता के नाम पर लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। सवाल यह है कि क्या नगर निगम इस गंदगी में हो रहे विकास की ओर अब अपनी आंखें खोलेगा?







