महाराजगंज। इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक EXL अकैडमी में आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में संगठन के महासचिव श्री जीवेश मिश्रा ने जानकारी दी कि 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के जादूगर पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर “महाराजगंज खेल रत्न पुरस्कार 2025” का भव्य आयोजन किया जाएगा।यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार, महाराजगंज में आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा उपस्थित रहेंगे।
संगठन के सह-सचिव श्री राजकुमार जायसवाल ने बताया कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों एवं राज्य/राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष श्री दशरथ गुप्ता ने कहा, “हमारा उद्देश्य जनपद के खेल जगत में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना और खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को प्रोत्साहित करना है। जनपद के अनेक खिलाड़ियों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाराजगंज का नाम गौरवान्वित किया है।”
बैठक में संरक्षक सी. जे. थॉमस, प्रणव श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष रितेश त्रिपाठी, अभिषेक विश्वकर्मा, महासचिव जीवेश मिश्रा, सह-सचिव राज जायसवाल, उपाध्यक्ष सर्वेश मिश्रा, डॉ. आनंद गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।







