गुमनाम गोदाम पर घुघली पुलिस का छापा, भारी मात्रा में नकली नमक, चाय, हर्पिक और फेवीक्विक का जखीरा बरामद
पुलिस द्वारा बरामद नकली माल का जखीरा
योगेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट
महराजगंज जनपद के शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर स्थित बल्लोखास में घुघली पुलिस ने सोमवार को विभिन्न ब्रांडेड कम्पनियों के नाम बने नकली उत्पाद की एक गोदाम पर बड़ी छापेमारी की।जहां से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए गए। यह कार्रवाई टाटा कंज्युमर प्रोडक्ट लिमिटेड ,पीडीलाईट इन्डस्ट्रिज लिमिटेड और रेकिट बेकसीयर कंपनियों की लिखित शिकायत पर की गई।इन कम्पनियों से सम्बद्ध उत्तर भारत के अधिकृत विपणन अधिकारी/जाँच अधिकारी, स्पीड सर्च सिक्योरिटी नेटवर्क प्रा. लि., ने थाना प्रभारी घुघली को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि क्षेत्र में नकली टाटा नमक,टाटा प्रीमियम चाय,फेवीक्वीक और हार्पिक का धड़ल्ले से नकली कारोबार हो रहा है। शिकायत को संज्ञान लेकर थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने हल्का प्रभारी एसआई हरिप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी करने को रवाना किया था। टीम सर्वप्रथम शिकारपुर चौराहा स्थित जायसवाल किराना स्टोर पर पहुंच संदिग्ध आरोपी से पूछताछ की पूछताछ के दौरान व्यापारी विशाल जायसवाल ने बताया कि गोदाम उसके पिता योगेन्द्र जायसवाल का है जो वर्तमान में बाहर हैं।चाबी न होने पर उसकी सहमति से ताला तोड़कर पुलिस ने गोदाम की तलाशी ली। तलाशी में नकली उत्पादों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।बरामदगी में नकली टाटा नमक के एक किलोग्राम पैकेट वाले 68 बोरियां व 53 पैकेट,टाटा नमक के 1,001 रैपर,टाटा प्रीमियम चाय के पैकेजिंग रैपर के दो रोल (11.640 किग्रा व 9.460 किग्रा),फेवीक्विक के 8,317 नग,हार्पिक 250 एम एल के 455 बोतल,हार्पिक 500 एम एल के 1,170 बोतल,कोलिन क्लीनर 1 लीटर की 23 बोतलें शामिल हैं।प्रत्येक बरामद माल में से एक-एक नमूना अलग कर सील सर्व मुहर किया गया। तुलना हेतु कंपनियों के ओरिजिनल उत्पाद भी जब्त किए गए। छापेमारी के दौरान विशाल जायसवाल मौके से फरार हो गया, जबकि गोदाम मालिक योगेन्द्र जायसवाल पहले से फरार बताया जा रहा है।पुलिस ने दोनों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट व बीएनएस की संबंधित सुसंगत धाराओं
के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







