उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
18/10/2025
काठमाण्डौ,नेपाल – अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिका प्रांत में पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले में तीन अफ़ग़ान खिलाड़ियों समेत पाँच लोगों की मौत हो गई है।
इसके साथ ही, अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने नवंबर में पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी-20 सीरीज़ में हिस्सा न लेने का फ़ैसला किया है।
ACB ने तीनों मृत खिलाड़ियों की तस्वीर जारी करते हुए लिखा है, “शुक्रवार शाम को पाकिस्तान की ओर से हुए हमले में इन खिलाड़ियों को निशाना बनाया गया।”
बोर्ड के अनुसार, इस घटना में खिलाड़ी कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून के साथ-साथ पाँच अन्य नागरिक भी मारे गए।
बोर्ड ने कहा, “अपने खिलाड़ियों के सम्मान में और इस दुखद घटना के मद्देनज़र, अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नवंबर के अंत में पाकिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी-20 सीरीज़ से हटने का फ़ैसला किया है।”
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
यह टी-20 सीरीज़ पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेली जानी थी। ये मैच 17 से 29 नवंबर तक लाहौर और रावलपिंडी में आयोजित होने वाले थे।







