उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
09/11/2025
काठमाण्डौ,नेपाल – 7 नवम्बर से लापता दो भारतीय नागरिकों के शव मनांग जिला में मिले हैं।
52 वर्षीय जिग्नेश कुमार लल्लूभाई पटेल और 17 वर्षीय प्रियंसा कुमारी पटेल के शव रविवार दोपहर लगभग 2 बजे सशस्त्र पुलिस बल को मिले। वे पिता-पुत्री हैं।
वे 7 नवम्बर को मनांग जिला के न्गिसयांग ग्रामीण नगर पालिका-4 स्थित ग्यालसेन होटल से लापता हो गए थे, जब वे उसी ग्रामीण नगर पालिका-5 स्थित मालेरिपा गुम्बा घूमने जा रहे थे।
उनके लापता होने के बाद, होटल ने सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पर्वतीय बचाव प्रशिक्षण विद्यालय, मनांग जिला को तलाशी अभियान के लिए सूचित किया।
मनंग जिला स्थित प्रशिक्षण विद्यालय लापता लोगों की तलाश में तलाशी अभियान चला रहा था, लेकिन जब वे नहीं मिले, तो 9 नवम्बर को सशस्त्र पुलिस उपाधीक्षक हीरा बहादुर जीसी की कमान में बचाव उपकरणों के साथ उसे फिर से तैनात किया गया।
सशस्त्र पुलिस बल के उप प्रवक्ता और डीएसपी शैलेन्द्र थापा ने बताया कि पर्वतीय बचाव में प्रशिक्षित एक टीम को मठ से लगभग 100 मीटर ऊपर बर्फ में दबे उनके शव मिले।







