परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौकी अंतर्गत परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर छातीराम पुल के निकट स्थित देशी शराब की दुकान के पास से एक बाइक चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिपरिया गांव निवासी धनंजय गौतम सोमवार की शाम करीब 7:30 बजे देशी शराब की दुकान पर गए थे। उन्होंने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर- UP56 AM 4043) दुकान के पास खड़ी की थी। शराब खरीदने के बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक मौके से गायब मिली।
बाइक नहीं मिलने पर धनंजय गौतम ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने परतावल चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई और वाहन बरामद किए जाने की मांग की।
मामले में परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बाइक की तलाश में जुटी हुई है।






