परतावल(महराजगंज)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम श्यामदेउरवा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से की। इसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के अलावा धर्मगुरुओं, ताजियादारों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान बड़ी संख्या में ताजिए निकलते हैं। ऐसे में सभी की जिम्मेदारी है कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी ताजिया की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी तथा उसका स्टैंड भी निर्धारित सीमा के भीतर रहेगा।
एसपी ने युवाओं से अतिउत्साह से बचने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो या कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग अथवा नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मोहर्रम जुलूस में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान उन्होंने कहा, “यदि आप धर्म की रक्षा करेंगे तो धर्म भी आपकी रक्षा करेगा।”
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोंगरवाल ने कहा कि कई बार युवा वर्ग उत्साह में ऐसे कदम उठा लेता है, जिसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ता है। उन्होंने सभी से शासन की गाइडलाइन का पालन करने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और परंपरागत तरीके से संपन्न कराना है।
बैठक में एसडीएम सदर जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, एडीओ समाज कल्याण श्यामसुंदर तिवारी, एसडीओ मयंक अग्रवाल, प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय, थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, घुघली थानाध्यक्ष सूरज कुमार, परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम चौबे, अमरेश कुमार राय, अक्षय सिंह, कतरारी चौकी प्रभारी दीपक मिश्रा, ग्राम प्रधान हिसामुद्दीन खान, आलमगीर सिद्दीकी, सूर्यकांत यादव, वीरेंद्र चौधरी, काशीनाथ सिंह, शत्रुधन कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






