महराजगंज जनपद के विकास खंड परतावल के ग्राम पंचायत कोटवा में सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य मार्ग के किनारे जमा कूड़ा अब धीरे-धीरे बीमारी का कारण बनने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से यहां नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे गंदगी बढ़ती जा रही है और आसपास रहने वाले लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मी कभी-कभार ही गांव में दिखाई देता है। सड़क किनारे पड़े कूड़े से दुर्गंध उठ रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो सकती है, क्योंकि गंदगी के बीच मच्छर व अन्य कीट पनपने का खतरा बढ़ जाता है।
गांव के अख्तर, अमीरुद्दीन, ताहिर, अनिरुद्ध, जयराम, संतोष, बबलू, सहने आलम, सोनू, जहीर, अनवारुल और जाफर ने प्रशासन से तत्काल सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द कूड़ा नहीं हटाया गया तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी प्रियंका दुबे ने बताया कि जल्द ही कूड़े को साफ कराया जाएगा






