पुलिस की कड़ी निगरानी में अकीदत के साथ ताजिया जुलूस, सौहार्द का दिया संदेश
परतावल, महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल सहित आसपास के गांवों में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व पूरी श्रद्धा, अकीदत और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। प्रशासन की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पिपरिया, कोटवा, सिरसिया मलमलिया, धरमौली, लखिमा तथा नगर पंचायत परतावल के पुरानी बाजार, तिवारी टोला, छातीराम, परसा बुजुर्ग, इमिलिया, कुर्मी टोला, देवीपुर और लखरईया टोला सहित विभिन्न स्थानों से ताजिया जुलूस निकाले गए। ताजियादारों और पायकों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए मातम और अकीदत के साथ जुलूस में भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन, मुस्ताक अंसारी, नासिर हुसैन, मैनुद्दीन अंसारी, शाहआलम उर्फ झल्लू, मोहम्मद फैज अंसारी, कमालुद्दीन खान, शम्स तबरेज़, सभासद प्रतिनिधि साहेब राय, निजामुद्दीन इद्रीशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग की टीम भी पूरे समय सक्रिय रही।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने में परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम चौबे, अजय कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र प्रताप सिंह, समीउल्लाह खान, वीरेंद्र यादव तथा अन्य पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। पुलिस की सतर्कता और क्षेत्रवासियों के सहयोग से मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






