परतावल/महराजगंज। विद्युत वितरण खंड के भिटौली विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत सिसवा मुंशी फीडर क्षेत्र में बिजली विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष वसूली एवं जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 10 हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया रखने वाले 25 बड़े उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। वहीं विभाग ने मौके पर ही उपभोक्ताओं से करीब 2.46 लाख रुपये की बकाया राशि भी जमा कराई।
बिजली विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही। विभागीय टीम ने सिसवा मुंशी चौराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर बकाया बिलों की जांच की और निर्धारित सीमा से अधिक बकाया होने पर नियमानुसार कार्रवाई की। अवर अभियंता अनिकेत पाल ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर 10 हजार रुपये से अधिक का विद्युत बिल बकाया है और बार-बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध विद्युत विभाग द्वारा कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय से अपना बिजली बिल जमा करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
विशेष अभियान में अवर अभियंता अनिकेत पाल के नेतृत्व में विभागीय कर्मचारी अभय वर्मा, ललमान गुप्ता, मोहम्मद नबी, बृजेश , सरवर यादव, मनोज कुमार, वरिष्ठ सिंह, गजेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।






