महराजगंज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा शिक्षक भर्ती परीक्षा–2026 के अंतर्गत जनपद में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
दोनों अधिकारियों ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज, जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज, जीएसवीएस इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए कहीं भी किसी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया तथा निगरानी व्यवस्था को सतत सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए किए गए इंतजामों की भी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।






