परतावल /महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलवा बुजुर्ग स्थित श्मशान घाट से अज्ञात चोरों द्वारा तीन पुराने सागौन के पेड़ काटकर चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला, जब ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे। पेड़ों के कटे हुए तने देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। ग्रामीणों के अनुसार श्मशान घाट पर वर्षों पुराने पेड़ लगे हुए थे, जिन्हें मंगलवार देर रात अज्ञात चोर आरी एवं अन्य औजारों की मदद से काटकर अपने साथ ले गए। सुबह मौके पर केवल कटे हुए तने और लकड़ी के अवशेष मिले, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
ग्राम प्रधान एवं स्थानीय लोगों का कहना है कि श्मशान घाट की सुरक्षा के लिए न तो चारदीवारी की व्यवस्था है और न ही रात में किसी प्रकार की निगरानी होती है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने श्मशान घाट की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलने पर भिटौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों की ओर से अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी गई है। वहीं मामले की जानकारी वन विभाग को भी दे दी गई है।
भिटौली थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार राय का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






