श्यामदेउरवा/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के श्यामदेउरवा-बड़हारा बरईपार मार्ग पर स्थित देशी शराब की दुकान पर निर्धारित समय से पहले शराब बिक्री का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान पर सुबह करीब पांच बजे से ही शराब की बिक्री शुरू हो जाती है, जिससे आसपास के क्षेत्र में शराबियों का जमावड़ा और हुड़दंग शुरू हो जाता है। स्थानीय शिकायतकर्ताओं शिवम, रमेश, रिंकू, श्याम, पंकज समेत अन्य लोगों ने बताया कि शराब की दुकान के आसपास सुबह से ही शराबियों की भीड़ लग जाती है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि सरकारी निर्धारित समय का पालन नहीं किया जा रहा है और खुलेआम नियमों की अनदेखी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समय से पहले शराब बिक्री और शराबियों की भीड़ दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर निर्धारित समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






