पहले दिन सभी शाखाओं का निरीक्षण, पटल प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को अपने पहले कार्यदिवस की शुरुआत ही सख्त एक्शन से की। कार्यालय पहुंचते ही उन्होंने पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं और संभागों का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पटल प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यालय जनता के लिए उम्मीद का केंद्र होता है, इसलिए यहां आने वाले हर व्यक्ति को समय पर सुनवाई और समाधान मिलना चाहिए।
डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि शिकायतों को लंबित रखने की प्रवृत्ति खत्म होनी चाहिए। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में रजिस्टर, पत्रावलियां और प्रार्थना पत्रों की स्थिति का अवलोकन किया और कई जगह सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्राप्त हर आवेदन का समय से पंजीकरण हो और उसकी प्रगति नियमित रूप से अंकित की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
नवागत एसएसपी ने एसपी सिटी और एसपी नॉर्थ कार्यालय का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई हो और पीड़ित को समय से न्याय मिले। साथ ही तकनीक के अधिकतम उपयोग पर बल देते हुए मॉनिटरिंग सिस्टम मजबूत करने की बात कही, जिससे हर स्तर पर जवाबदेही तय हो सके।
इस मौके पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एएसपी अरुण कुमार एस, एसपी यातायात राजकुमार पांडेय, एसपी मंदिर संतोष कुमार, तथा सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने अनुभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी एसएसपी को दी।
निरीक्षण के अंत में डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि अनुशासन और समयबद्धता ही पुलिस विभाग की पहचान है। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी और अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उनके इस स्पष्ट संदेश से महकमे में सक्रियता बढ़ी है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में व्यवस्था और बेहतर होगी।







