तीन महीने से वेतन न मिलने पर भड़का आक्रोश, आशा कार्यकत्रियों ने कहा – “मेरा पैसा मेरे खाता में डायरेक्ट आना चाहिए”
परतावल (महराजगंज)। संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पर शनिवार को आशा कार्यकत्री महिलाओं ने तीन माह से वेतन न मिलने को लेकर धरना प्रदर्शन किया। आशा बहनों ने कहा कि समय से भुगतान न होने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकत्रियों ने कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक वे काम नहीं करेंगी। उन्होंने कहा — “हम तीन महीने से बिना वेतन के काम कर रहे हैं। हमारी मेहनताना हमें समय पर नहीं दी जाती। अब हम चाहती हैं कि हमारा पैसा सीधे हमारे खाते में आए, किसी के माध्यम से नहीं। आयुष्मान भारत योजना की प्रोत्साहन राशि भी अब तक नहीं मिली है। जिनका सिम बंद है, उन्हें भी जल्द चालू कराया जाए।”
आशा कार्यकत्रियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल ने बताया कि “आशा कार्यकत्रियों का वेतन 16 अक्टूबर को ही SNA पोर्टल के माध्यम से भेजा जा चुका है, लेकिन नए पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण कुछ देरी हो रही है। जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।”







