उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
19/09/2025
काठमाण्डौ,नेपाल – अफ़ग़ानिस्तान में 7 महीने से ज़्यादा समय से तालिबान द्वारा बंधक बनाए गए एक ब्रिटिश दंपत्ति को शुक्रवार को रिहा कर दिया गया।
80 वर्षीय पीटर रेनॉल्ड्स और उनकी 75 वर्षीय पत्नी बार्बी रेनॉल्ड्स की गिरफ़्तारी का कारण अभी तक उजागर नहीं किया गया है।
अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद तालिबान ने सत्ता हथिया ली थी। अब, ऐसा लग रहा है कि तालिबान अंतरराष्ट्रीय समुदाय से वैध सरकार के रूप में मान्यता प्राप्त करने के लिए ऐसे कदम उठा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने ब्रिटिश दंपत्ति को रिहा कर दिया है।
सुत्र के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि क़तर की मध्यस्थता में लंबी बातचीत और विचार-विमर्श के बाद उनकी रिहाई संभव हो पाई।
यह दंपत्ति पिछले 18 सालों से अफ़ग़ानिस्तान में रह रहा था और बामियान प्रांत में एक शैक्षणिक संस्थान चलाता था। तालिबान के सत्ता में आने के बाद भी उन्होंने देश नहीं छोड़ने का फ़ैसला किया था।
ब्रिटिश सरकार ने भी उनकी रिहाई की पुष्टि की और इस प्रयास में क़तर की सहायता के लिए उसे धन्यवाद दिया।
उनके परिवारों ने पहले ही उनके बिगड़ते स्वास्थ्य और शारीरिक व मानसिक तनाव का हवाला देते हुए उनकी रिहाई का अनुरोध किया था।
इससे पहले, उनके साथ हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिक फेय हॉल को भी कतर की पहल पर रिहा कर दिया गया था।







