योगेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट
महराजगंज, 17 अक्टूबर 2025। आगामी पर्वों के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री शर्मा ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों में शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइनों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में गैर-परंपरागत आयोजनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे धार्मिक व सांस्कृतिक पर्व हमारी सभ्यता और परंपरा की पहचान हैं, इसलिए इन्हें उसी मर्यादा में मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगाह किया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट न करें। जिला प्रशासन ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई करेगा। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और ईओ को निर्देश दिए कि दीपावली पर्व के पूर्व नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करा लिया जाए। वहीं, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने दोनों समुदायों के लोगों से अपील की कि त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करें और किसी प्रकार की शंका या अफवाह पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक सूचना न फैलाएं और न ही ऐसी अफवाहों के प्रभाव में आएं।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां कड़ी निगरानी रखी जाए और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उपस्थित समाजसेवियों, मदरसों के प्रधानाचार्यों, दोनों समुदायों के प्रबुद्धजनों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी त्यौहार शांति, सद्भावना और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे।
बैठक का संचालन श्री शमशुल हुदा ने किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, सीओ, नगर निकायों के अधिकारी, तथा विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।







