घुघली/महराजगंज।
महराजगंज जनपद के नगर पंचायत घुघली के डीएवी चौक से स्टेशन रोड होते हुए जोगिया रेलवे ढाला तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन चुकी है। रख-रखाव के अभाव में यह महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है और सड़क में तब्दील गड्ढों के बजाय, गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है।
बरसात ने बढ़ाई मुश्किलें, रोजाना गिरकर चोटिल हो रहे लोग
हालिया बरसात के कारण सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है। इससे राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिल पा रहा है। आए दिन अनियंत्रित होकर दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहनों के कलपुर्जे खराब हो रहे हैं।
हजारों की आबादी प्रभावित
यह सड़क केवल नगर पंचायत ही नहीं, बल्कि रेलवे स्टेशन, जोगिया रेलवे ढाला और आसपास के दर्जनों ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली मुख्य धुरी है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र, व्यापारी और आम नागरिक इसी रास्ते से गुजरते हैं। वर्षों से मरम्मत न होने के कारण अब स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते नगर पंचायत और संबंधित विभाग ने सड़क का पुनर्निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया, तो बरसात के इस मौसम में कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। ग्रामीणों और नगरवासियों ने जल्द से जल्द सड़क को गड्ढा मुक्त कराने की मांग की है।






