परतावल/महराजगंज। परतावल पुलिस चौकी के सामने सोमवार शाम करीब 4 बजे सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टेम्पो की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के पनेवा-पनई निवासी रुबीना (26), सदीकुन निशा और चार वर्षीय सालेहा खातून बरगदही मजार से दर्शन कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बाइक पर चालक के पीछे दो महिलाएं और एक बच्ची सवार थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परतावल चौकी के बगल में कई महीनों से खड़े एक ट्रक के पास से कोटवा निवासी करीमुल्लाह उर्फ कल्ला अचानक सड़क पर आ गया। उसी समय गोरखपुर की ओर से आ रही हीरो डिलक्स बाइक (संख्या UP56 BH 9247) उससे टकरा गई। अचानक सामने आने के कारण बाइक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और हादसा हो गया।
हादसे में करीमुल्लाह उर्फ कल्ला के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं चार वर्षीय सलीहा खातून के सिर में भी चोट लगी है। रुबीना और सदीकुन निशा भी घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीमुल्लाह उर्फ कल्ला शराब के नशे में था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही परतावल पुलिस मौके पर पहुंची और टेम्पो की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी परतावल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






