स्थानीयों में रोष, कहा – प्रतिनिधि बस देते हैं प्रस्ताव का आश्वासन
परतावल (महराजगंज)।
नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 6 आजाद नगर सरजू टोला में नाली की दुर्दशा से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बरसात का मौसम आते ही गलियों में गंदा पानी भर जाता है, जिससे चारों ओर बदबू फैलने लगती है। जगह-जगह जलजमाव के कारण राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नालियों की यह समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन नगर पंचायत की ओर से आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बरसात के दिनों में नालियों का पानी घरों में घुस जाता है, जिससे परिवारों को दुर्गंध और बीमारियों के खतरे से दो-चार होना पड़ता है। बच्चों का स्कूल आना-जाना भी बेहद कठिन हो जाता है।
चुनाव से पहले मिला था वादा, अब तक अधूरी उम्मीदें
चुनाव के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने स्थानीय लोगों से नाली की सफाई और निर्माण को प्राथमिकता देने का वादा किया था। लेकिन साल बीत जाने के बावजूद आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। मोहल्ले में हर तरफ गंदगी और कीचड़ फैला हुआ है।
सभासद प्रतिनिधि बोले – कई प्रस्ताव भेजे, पर कार्रवाई नहीं
वार्ड के सभासद प्रतिनिधि साहेब राय ने बताया,
“इस मामले में कई बार प्रस्ताव भेजे गए हैं, लेकिन नगर पंचायत के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी ने अब तक मौके पर आकर स्थिति नहीं देखी। कार्रवाई तो दूर, कोई निरीक्षण तक नहीं हुआ। मोहल्ले के लोग आपस में चंदा लगाकर कुछ जगह स्लैब बना कर आ जा रहे हैं, पर मूल समस्या का हल नहीं निकल पाया है।”
जनता की मांग – जल्द शुरू हो सफाई और नाली निर्माण कार्य
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली की सफाई और पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि आगामी बरसात में लोगों को राहत मिल सके।







