योगेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट
महराजगंज /जनपद के नगर पंचायत पनियरा में नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल ने अपने ही कार्यालय के एक संविदा कर्मचारी पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। अध्यक्ष ने पनियरा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अध्यक्ष जब कार्यालय पहुंचे तो सहायक दिग्विजय सिंह अनुपस्थित पाए गए। बाद में लगभग 11:15 बजे भी वे कार्यालय में मौजूद नहीं थे, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए हुए पाए गए। इस पर अध्यक्ष ने उन्हें अनुपस्थित कर दिया और निरीक्षण के लिए वार्ड नंबर 10 के मंगरहिया बाजार एवं बसडीला छठ घाट चले गए।
अध्यक्ष का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद नगर पंचायत कर्मियों – मनोज कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, गिरिजेश कुमार, बृजेश जायसवाल, सुशील मिश्रा और अनुप – ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
इस दौरान निरीक्षण का वीडियो बना रहे कर्मचारी अखिलेश को भी आरोपी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जान से मारने की धमकी दी।
पनियरा के थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है और आरोपी कर्मचारी का पूर्व में भी विवादित व्यवहार रहा है। मामले में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।







