योगेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट
महराजगंज, 17 अक्टूबर 2025।
जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा ने आज नगर पालिका परिषद महराजगंज के कूड़ा भंडारण स्थल अगया का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ चल रहे कूड़ा निस्तारण कार्य का जायजा लिया और विभिन्न मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान ट्राम मशीन खराब पाई गई। इस पर अधिशासी अधिकारी श्री आलोक कुमार ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मशीन की मरम्मत हेतु कम्पनी को पत्र प्रेषित किया गया है तथा एक-दो दिन में मशीन की मरम्मत सुनिश्चित कर ली जाएगी।
अन्य मशीनें — कन्वेयर बेल्ट, पैजिंग मशीन, ग्राइण्डर और इनसेमिनेटर — सभी चालू अवस्था में पाई गईं और सुचारु रूप से कार्य कर रही थीं। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कूड़ा निस्तारण कार्य “साधना इंटर प्राइजेज” के माध्यम से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर को इस प्रकार संचालित किया जाए कि यह आय के विषय में आत्मनिर्भर बन सके।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार, साधना इंटर प्राइजेज के प्रतिनिधि तथा नगर पालिका परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।







