कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु व्यापारियों व आमजन से किया संवाद, दी शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील
योगेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्ट
महराजगंज, 17 अक्टूबर 2025 को
आगामी दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा, भैयादूज एवं डाला छठ जैसे प्रमुख पर्वों के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा थाना सिंदुरिया क्षेत्रांतर्गत कस्बा सिंदुरिया में पैदल गश्त किया गया।
इस दौरान उनके साथ थानाध्यक्ष सिंदुरिया व स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ने मुख्य चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया तथा आमजनमानस और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारी सीजन में पूरी सतर्कता और चौकसी बरती जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि त्योहारी अवधि में पुलिस बल को मुस्तैद रखा गया है। गश्त, पिकेटिंग और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के माहौल में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जनपद महराजगंज पुलिस कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध हैं







