अर्चना पांडेय गोरखपुर,
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा कानून एवं न्याय प्रणाली की जागरूकता के उद्देश्य से 22 सितम्बर को विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों एवं सेविकाओं का जनपद कारागार गोरखपुर में भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कारागार अधीक्षक श्री दिलीप कुमार पाण्डेय जेलर श्री अरूण कुमार कुशवाहा, सब इंस्पेक्टर श्री सत्येन्द्र कुमार सिंह व कांस्टेबल श्री अखिलेश कुमार सिंह आदि के नेतृत्व में कारागार परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया। स्वयंसेवकों ने कारागार में स्थित पुस्तकालय, भोजनालय, गौशाला, कैदियों के बैरिक, कारागार की सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक प्रणाली का निकट से अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान कारागार अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार कारागार न केवल दंड देने का स्थल है, बल्कि कैदियों के पुनर्वास, सुधार एवं समाज की मुख्यधारा में पुनः जोड़ने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम में कारागार अधीक्षक श्री दिलीप कुमार पाण्डेय ने यह भी बताया कि बंदियों के लिए पुस्तकालय, कौशल प्रशिक्षण, खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों जैसी कई सुविधाएँ उपलब्ध करायी जाती हैं, जिससे उनमें सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता का विकास हो सके।
इस शैक्षिक भ्रमण में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डा. सत्यपाल सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डा. आलोक कुमार, डा. श्री प्रकाश सिंह तथा श्री विनीत कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं सेविकाएँ उपस्थित रहीं।
इस प्रकार का आयोजन न केवल विद्यार्थियों को कानून एवं न्याय प्रणाली की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराता है, बल्कि उन्हें समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित भी करता है।







