अर्चना पाण्डेय की रिपोर्ट
गोरखपुर , विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. पूनम टंडन के द्वारा सिरी रिसर्च फाउंडेशन, गोरखपुर की त्रैमासिक शोध पत्रिका अनुबोधन का विमोचन आज सम्पन्न हुआ। अनुबोधन गोरखपुर से प्रिन्ट माध्यम से प्रकाशित होने वाली आई. एस. एस. एन. (ISSN) सहित राष्ट्रीय शोध जर्नल है। यह मार्च 2025 से प्रकाशित हो रही है। इसके संपादकीय कार्य गोरखपुर विश्वविद्यालय के आचार्य एवं अध्येताओं द्वारा किया जा रहा है। कुलपति ने मार्च एवं जून दोनों अंकों का विमोचन किया। कुलपति प्रो. पूनम टण्डन ने इस पत्रिका के कंटेन्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह गोरखपुर परिक्षेत्र के शोध पत्र प्रकाशन के गतिविधि की ओर एक महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जर्नल एवं जर्नल के आलेखों को डी. ओ. आई. (DOI) लेने की सलाह दिया। उन्होंने कहा कि डी. ओ. आई. के साथ प्रकाशन से शोध को पहचान मिलती है तथा इसकी उपलब्धता पूरे विश्व में हो जाती है। महायोगी गुरु श्रीगोरक्षनाथ शोधपीठ के उपनिदेशक एवं इस पत्रिका के संपादकीय समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. कुशलनाथ मिश्र ने बताया कि जल्द ही इस पत्रिका को डी. ओ. आई. (DOI) लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पत्रिका के संपादक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि इस शोध पत्रिका के ऑनलाइन संस्करण भी शीघ्र ही प्रकाशित किया जाएगा। इस अवसर पर अनुबोधन शोध जर्नल के संपादकीय समिति के सदस्य डॉ. रामवंत गुप्ता, डॉ. संजय कुमार राम, डॉ. रमेश चंद तथा सह सम्पादक डॉ. हर्षवर्धन सिंह उपस्थित रहे।







