भिटौली /महराजगंज
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना भिटौली पुलिस ने लकड़ी चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 बोटा सागौन की लकड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार थाना भिटौली में लकड़ी चोरी के दो अलग-अलग मुकदमों में ये दोनों आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की गई 11 बोटा सागौन की लकड़ी बरामद हुई। बरामद लकड़ी को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की विधिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि बरामद लकड़ी के स्रोत और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान और लकड़ी तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






