बिजली पोल के अभाव में खतरे के साए में जी रहे ग्रामीण
परतावल।
विकास खंड परतावल के ग्राम जद्दूपिपरा में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। गांव में वर्षों पहले बिजली कनेक्शन तो दे दिया गया, लेकिन आज तक पोल नहीं लगाए गए। हालत यह है कि ग्रामीण अस्थायी व्यवस्था कर लकड़ी और बांस के सहारे बिजली के तार टांगकर किसी तरह काम चला रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में खुले और झूलते तारों से करंट फैलने का खतरा बना रहता है। कई बार बच्चे इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तेज हवा और आंधी आने पर तार टूट जाते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है और हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
गांव निवासी अनीता ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने सोमवार को एसडीओ कार्यालय पहुंचकर जल्द पोल लगवाने की मांग की।
इस संबंध में एसडीओ मयंक अग्रवाल ने बताया कि गांव का सर्वे कराया जा चुका है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोल लगाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
मौके पर तुलसी, जरावती, ग्यान्ती, विमलावती और अनीता समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।






