परतावल/महराजगंज।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में सोमवार तड़के बड़ा हादसा होने से बड़ी जनहानि टल गई। देर रात करीब 1 बजे पनियरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार टाटा मिनी पिकअप यू पी 56 ए टी 8264 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई और पलट गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह धराशायी हो गया और पास का बिजली पोल भी टूटकर गिर पड़ा। हादसे के कारण पूरे कोटवा गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिकअप चालक खुद को वाहन से निकालकर मौके से फरार हो गया। हालांकि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। सुबह ग्रामीणों ने मिलकर पलटी हुई गाड़ी को सड़क किनारे हटवाया।
रात में घटना होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रांसफॉर्मर व पोल क्षतिग्रस्त होने से गांव में बिजली कटौती की समस्या उत्पन्न हो गई है।
इस संबंध में पूछे जाने पर जेई जुगुनू अंसारी ने बताया कि विभाग को सूचना मिल चुकी है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।







