परतावल (महराजगंज)।
नगर पंचायत परतावल में सोमवार को पुलिस एवं नगर पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत परतावल–कप्तानगंज मार्ग स्थित बाजार क्षेत्र से की गई, जिसके बाद हॉस्पिटल मार्ग और पिपराइच मार्ग पर भी अतिक्रमण हटवाया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, तख्त एवं अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों एवं ठेला संचालकों के चालान काटे गए तथा उनसे जुर्माना भी वसूला गया। प्रशासन की ओर से सभी को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
इस दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे, वहीं परतावल चौकी की पुलिस टीम से एसआई शुभम चौबे, सूर्य प्रताप सिंह सहित कांस्टेबल विनय गौंड, सूर्यनाथ चौहान एवं सर्वेंद्र कुमार मौके पर तैनात रहे।
अतिक्रमण हटने से सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारु हुई और आम नागरिकों को जाम व अव्यवस्था से राहत मिली। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।







