श्यामदेउरवा (महराजगंज)।
थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के मंगलपुर बरगदवा चौराहे पर दहेज लोभियों ने एक नवविवाहिता की जान ले ली। आरोप है कि विवाहिता की हत्या कर ससुरालियों ने परिजनों को बिना बताए पुरूषोतम निषाद के बिना नम्बर के नई पिकअप से ले जाकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
गोरखपुर जनपद के गुलहरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जंगल सखनी निवासी सरिता देवी पत्नी स्वर्गीय महाराज निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी चाँदनी की शादी नवंबर 2023 में मंगलपुर बरगदवा निवासी जालंधर पुत्र राजकुमार निषाद से हुई थी। विवाह में उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था।
शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही पति जालंधर, ससुर राजकुमार पुत्र रामलछन और जेठ विजय पुत्र राजकुमार दहेज की अतिरिक्त मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर चाँदनी को आए दिन प्रताड़ित और मारपीट किया जाता था। पीड़िता ने कई बार फोन कर अपनी माँ को यह जानकारी दी थी।
सरिता देवी ने बताया कि पिछले चार दिनों से बेटी का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। जब वह 25 अगस्त 2025 को बरगदवा पहुँचीं तो घर में बेटी नहीं मिली। मोहल्ले वालों से पता चला कि चार दिन पहले ही घरवालों ने मिलकर चाँदनी की हत्या कर दी और गुपचुप तरीके से रात्रि में बिना नम्बर के नई पिक अप से ले जाकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
पीड़िता की माँ ने इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा में शिकायत दर्ज कराई। थाना अध्यक्ष का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जाँच की जा रही है और विधिक कार्यवाही की जाएगी।







