उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
21/04/2026
काठमाण्डौ,नेपाल – ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, ईरानी प्रतिनिधिमंडल की इस्लामाबाद की प्रस्तावित यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
मंगलवार सुबह सुत्र द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कोई भी टीम पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के लिए रवाना नहीं हुई है।
ईरानी अधिकारियों ने सोशल नेटवर्क टेलीग्राम के माध्यम से अपने स्पष्ट विचार सार्वजनिक करते हुए कहा है कि वे “धमकियों या टूटे वादों की छाया में किसी भी बातचीत को स्वीकार नहीं करेंगे।”
सुत्र के अनुसार, ईरान का कहना है कि आगे की कोई भी बातचीत या भागीदारी अमेरिकियों के “व्यवहार और रुख में बदलाव” पर निर्भर करेगी।
यानी जब तक अमेरिका अपने व्यवहार में सुधार नहीं करता, ईरान बातचीत के लिए तैयार नहीं दिखता।
इस बीच ईरान की मुख्य सैन्य कमान “खतम अल-अनबिया” के प्रमुख अली अब्दुल्लाही ने भी कड़ी चेतावनी जारी की है।
सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार को कहा, ”अगर दुश्मन समझौतों का उल्लंघन करेंगे तो तेहरान (ईरान) दुश्मनों को निर्णायक जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।”
चीफ अब्दुल्लाही ने आगे कहा कि ईरान की शक्तिशाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों के कारण दुश्मन पक्ष काफी दबाव में है।
उन्होंने कहा, “ईरानी हमले के विनाशकारी प्रहार को सहन करने में असमर्थ दुश्मन अब युद्धविराम की बेताबी से तलाश कर रहा है।”
कुल मिलाकर, ऐसा प्रतीत होता है कि ईरान अब बातचीत के बजाय अपनी शक्ति और रुख को प्राथमिकता दे रहा है।
इससे यह संदेश गया है कि ईरान बाहरी दबाव या धमकियों के आधार पर किसी भी समझौते की मेज पर नहीं बैठेगा।






